Naugachhia News: भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद नगर गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां ससुराल आए एक युवक को कथित तौर पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई और पीड़ित युवक को मुक्त कराकर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया।
घायल युवक की पहचान सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय केसर आलम के रूप में हुई है, जो मकसूद आलम उर्फ चमरू के पुत्र हैं। उनके शरीर पर कई गंभीर चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं। केसर आलम पटना में मजदूरी करते हैं और घटना के पीछे एक पुरानी रंजिश बताई जा रही है।




पुरानी रंजिश बनी मारपीट का कारण, वायरल हुआ वीडियो
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले केसर आलम का छोटा साला उनके साथ पटना में रहता था। इसी दौरान साले पर केसर के कुछ दोस्तों की जेब से पैसे निकालने का आरोप लगा था। इस बात को लेकर केसर आलम ने अपने साले की पिटाई कर दी थी। आरोप है कि इसी घटना के कारण ससुराल पक्ष के लोग केसर आलम से नाराज चल रहे थे।
परिजनों ने बताया कि बच्चे की छठी समारोह में शामिल होने के लिए जब केसर आलम चंद नगर स्थित अपनी ससुराल पहुंचे, तो वहां पहले से नाराज ससुराल वालों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें घर में बंधक बनाकर लगातार तीन दिनों तक मारा-पीटा गया। इस दौरान उनके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। मारपीट के दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया और इसकी जानकारी युवक के परिजनों तक पहुंची।
पुलिस ने युवक को छुड़ाया, अस्पताल में फिर हुई झड़प
वीडियो देखने के बाद केसर आलम के परिजनों ने नवगछिया पुलिस से संपर्क कर युवक को मुक्त कराने की मांग की। पीड़ित के परिजन नवगछिया थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम चंद नगर गांव पहुंची और केसर आलम को ससुराल से मुक्त कराकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
घायल युवक की पत्नी रुखसाना खातून ने अपने पति के साथ हुई मारपीट की पुष्टि करते हुए बताया, “मेरे पति बच्चे की छठी में शामिल होने ससुराल आए थे, तभी मेरे भाइयों और अन्य परिजनों ने उन्हें बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। मैंने कई बार विरोध किया, लेकिन किसी ने मेरी बात नहीं सुनी।”
पीड़ित परिवार की ओर से नवगछिया थाना में दिए गए आवेदन में निहाल कुमार, कुर्बान कुमार, चंद कुमार, सूरज कुमार, जुली खातून, हाफिज खातून और समा खातून को नामजद आरोपी बनाया गया है। परिवार ने सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब घायल केसर आलम का इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा था। इसी दौरान उनके ससुर, साला और अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल उपाधीक्षक और कर्मियों की मौजूदगी में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अस्पताल परिसर के भीतर और बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, बाद में सड़क पर भी दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई। इस झड़प में चंद नगर निवासी 16 वर्षीय अहमद राजा (जो घायल युवक का साला बताया जाता है) और उनके ससुर निहाल भट्ट घायल हो गए। दोनों का उपचार अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में कराया गया।
पुलिस कर रही मामले की गहन छानबीन
नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने इस संबंध में बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन प्राप्त हो गया है। वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।







