Bihar Ahilyasthan: आंचल कुमारी दरभंगा। कमतौल स्थित धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल बिहार के अहिल्यास्थान में पिछले दो से तीन महीनों से विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। परिसर में जगह-जगह अधूरी खुदाई और खुले गड्ढे श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुके हैं। वहीं, अहिल्यास्थान महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने की चर्चा से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। लोगों का स्पष्ट सवाल है कि जब मूलभूत विकास कार्य ही अधूरे हैं, तो महोत्सव की इतनी हड़बड़ी क्यों?



बीते छह अगस्त को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अहिल्यास्थान का निरीक्षण किया था। उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान जिलाधिकारी ने दस दिनों के भीतर समन्वय बनाकर कार्य शुरू कराने का सख्त निर्देश दिया था। हालांकि, दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी निर्माण स्थल पर सन्नाटा पसरा हुआ है, जिससे प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी साफ दिख रही है।
दो विभागों के गतिरोध में फंसा विकास
जानकारी के अनुसार, अहिल्यास्थान के सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना के कार्य बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से कराए जा रहे थे। आधे से अधिक काम पूरा होने के बाद यह कार्य अचानक रुक गया। दूसरी ओर, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा राम दरबार मंदिर के जीर्णोद्धार व संरक्षण सहित अन्य कार्यों की योजना प्रस्तावित है। दोनों एजेंसियों के कार्यक्षेत्र को लेकर उत्पन्न गतिरोध और विभागीय समन्वय के अभाव में पूरा प्रोजेक्ट अधर में लटक गया है। इस गतिरोध का सीधा खामियाजा प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है।
खुले गड्ढे बने दुर्घटना का सबब
परिसर में विकास कार्य के दौरान की गई खुदाई को अधूरा छोड़ दिया गया है। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे फिसलन और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। निर्माण स्थल पर कोई सुरक्षा घेरा भी नहीं है, जो स्थिति को और भी खतरनाक बना देता है। श्रद्धालुओं व पर्यटकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन महोत्सव पर करीब 30 लाख रुपये खर्च करने की तैयारी में है, जबकि परिसर की मूलभूत व्यवस्था ही बदहाल है।
स्थानीय लोगों ने कहा, “हम महोत्सव का विरोध नहीं करते, लेकिन पहले खुले गड्ढों को भराया जाए, रुके कार्यों को पूरा किया जाए और परिसर को सुरक्षित बनाया जाए। अधूरे निर्माण के बीच महोत्सव में आने वाले पर्यटकों के सामने अहिल्यास्थान की कैसी छवि जाएगी, यह भी चिंता का विषय है।”
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि दोनों विभागों के बीच के गतिरोध को तुरंत समाप्त कर बिहार के अहिल्यास्थान में रुके विकास कार्यों को अविलंब शुरू कराया जाए। महोत्सव से पहले परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।








You must be logged in to post a comment.