Darbhanga News: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की की शादी के कथित मामले में 12 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी नाबालिग युवक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब नाबालिग लड़की ने पहले लगाए गए आरोपों से पलटते हुए कहा कि किसी ने उसे फंसाने के लिए आवेदन लिखवाया था। यह स्थिति महिला थाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी नाबालिग युवक की गिरफ्तारी के लिए अब तक चार-पांच बार छापेमारी की है, लेकिन हर बार युवक पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा है। लड़की को फिलहाल महिला हेल्पलाइन में सुरक्षित रखा गया है। न्यायिक प्रक्रिया के तहत नाबालिग बच्ची का न्यायालय में बयान भी दर्ज हो चुका है, जिसमें उसने एक नाबालिग युवक से अपनी शादी की बात स्वीकार की थी।

बयान बदलने से उलझा पूरा केस
महिला थानाध्यक्ष पुष्प लता कुमारी ने इस संबंध में बताया कि शुरुआत में नाबालिग बच्ची ने अपनी मां और बहन सहित अन्य युवकों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने अपने आवेदन में कहा था कि उसकी मां और बहन उसे ‘दलदल में धकेल रही थीं’ और विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की जाती थी। हालांकि, अब बच्ची ने अपने पूर्व के बयान को गलत बताया है।
‘जिस तरह से आवेदन देकर मां बहन सहित अन्य युवक पर आरोप लगाए गए थे, उसे उसके द्वारा गलत बताया गया है। नाबालिग बच्ची ने बताया है कि कोई व्यक्ति है जिसने उसका आवेदन लिखकर सबको फंसाने का चाल चला था।’— पुष्प लता कुमारी, महिला थानाध्यक्ष
पुलिस के अनुसार, बच्ची ने पहले चार युवकों के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन सुपरविजन रिपोर्ट में केवल एक नाबालिग युवक का नाम ही सामने आया है, जो घटना के बाद से ही घर छोड़कर फरार चल रहा है।
कमतौल थाने की भूमिका पर सवाल
इस पूरे प्रकरण में कमतौल थाने की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि घटना वाले दिन कमतौल थाना तत्काल हरकत में आता, तो शायद आरोपी नाबालिग युवक को उसी समय गिरफ्तार किया जा सकता था। हालांकि, महिला थाना में मामला दर्ज होने के बाद से युवक फरार हो गया और पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम रही है।
महिला थानाध्यक्ष पुष्प लता कुमारी ने जोर देकर कहा कि शादी करने वाले नाबालिग युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी। इस मामले में नाबालिग लड़की के बदलते बयान और आरोपी की लगातार फरारी ने पुलिस की मुश्किलों को बढ़ा दिया है, जिससे न्याय की प्रक्रिया और भी जटिल हो गई है।







