Bihar Liquor Ban: सतीश चंद्र झा दरभंगा।बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दरभंगा जिले के बेनीपुर में मद्य निषेध थाना ने बीते रात एक बड़े शराब तस्कर राकेश यादव को गिरफ्तार किया है। यह वही तस्कर है जो पहले भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, लेकिन इस बार वह कानून की गिरफ्त से बच नहीं पाया।
शराब तस्कर राकेश यादव के घर पर छापेमारी
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध थाना को बहेड़ी के मोलवी टोला वार्ड-7 में राकेश यादव के घर पर भारी मात्रा में शराब होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष श्रीनिवास के नेतृत्व में एक टीम ने देर रात उसके ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से राकेश यादव को धर दबोचा।
पुलिस ने उसके घर से 111 बोतल विदेशी शराब और 6 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। जब्त की गई विदेशी शराब की प्रत्येक बोतल 180 एमएल की थी, जिसकी कुल मात्रा 21.425 लीटर बनती है। देसी शराब को मिलाकर कुल 27.425 लीटर शराब जब्त की गई है।
पहले भी पुलिस को चकमा दे चुका था आरोपी
थानाध्यक्ष श्रीनिवास ने बताया कि राकेश यादव शराब तस्करी के कई पुराने मामलों में भी आरोपी है। 25 मई को भी दरभंगा मद्य निषेध थाना ने उसके घर पर छापेमारी की थी। तब वह पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था, लेकिन पुलिस ने उसके घर से 1147.122 लीटर विदेशी शराब जब्त की थी।
थानाध्यक्ष श्रीनिवास ने पुष्टि करते हुए कहा, ‘राकेश यादव पूर्व में भी शराब मामले का आरोपी है। 25 मई को भी उसके ठिकाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई थी, उस समय वह फरार हो गया था। इस बार उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’
इस गिरफ्तारी के बाद राकेश यादव के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत नई प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मद्य निषेध थाना की यह कार्रवाई दिखाती है कि शराबबंदी कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। राकेश यादव की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने में मदद मिलेगी और अन्य तस्करों को भी कड़ा संदेश जाएगा।







