Bihar Road Safety: राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर अब दरभंगा में सख्ती बरती जाएगी। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों से अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग को तत्काल हटाने के सख्त आदेश दिए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
NH पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सीधी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे और सड़क पर किए गए सभी अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने सिमरी, मब्बी, भालपट्टी, मनीगाछी और सदर थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने का निर्देश दिया।






डीएम कौशल कुमार ने कहा, “शहर में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे में संभावित यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।”
उन्होंने निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो। खासकर सिमरी, दिल्ली मोड़, मब्बी और शोभन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित थानाध्यक्षों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के बीच यातायात होगी सुगम
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को तत्काल हटाने तथा नियमित निगरानी एवं सतत अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अभियंताओं को संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों का सर्वेक्षण करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों को अवैध पार्किंग, अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और समन्वित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), संबंधित अंचलाधिकारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष तथा एनएचएआई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इन निर्णयों से दरभंगा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और सड़क सुरक्षा में सुधार होने की उम्मीद है। सभी संबंधित विभागों को इस दिशा में नियमित निरीक्षण और समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।








