Bihar Darbhanga News: दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के जयदेवपट्टी गांव में एक बंद पड़े कमरे से लापता शख्स का शव बरामद किया गया है। 30 जून से लापता 55 वर्षीय आमोद कुमार मिश्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। घनश्यामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
बंद घर से ऐसे मिली लाश, गांव में पसरा मातम
जयदेवपट्टी गांव निवासी रमेश मिश्रा के पुत्र आमोद कुमार मिश्र 30 जून से अपने घर से लापता थे। उनके पुत्र आयुष कुमार मिश्रा ने घनश्यामपुर थाना में गुमशुदगी का आवेदन भी दिया था, जिसमें बताया गया था कि मंगलवार सुबह 5 बजे से उनके पिता बिना बताए घर से बाहर चले गए थे। परिवार के सदस्यों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन आमोद मिश्र का कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह जब मृतक की पुत्री शिल्पी कुमारी घर से बाहर निकलीं, तो उन्हें अपने चाचा दुर्गेश मिश्र के बंद पड़े घर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिस पर स्थानीय ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जब बंद घर का ताला खोला गया, तो सभी ने देखा कि बरामदे पर आमोद कुमार मिश्र का मृत शरीर पड़ा था। इस हृदय विदारक दृश्य से गांव में मातम पसर गया है।






पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थाना के थानाध्यक्ष आलोक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी भी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी जांच में जुट गई है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया, ‘इस मामले में 1 जुलाई को मृतक के पुत्र द्वारा दिए गए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी और खोजबीन जारी थी। प्रथम दृष्टया यह घटना संदेहास्पद लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ ठोस बताया जा सकता है।’
मृतक आमोद कुमार मिश्र के परिवार में दो लड़कियां और दो पुत्र हैं। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों का कहना है कि मृतक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।








