Darbhanga Flight News: दिल्ली से दरभंगा जाने वाले यात्रियों को शनिवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्पाइसजेट की फ्लाइट SG495 अचानक रद्द हो गई, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हंगामा देखने को मिला। यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
स्पाइसजेट की लापरवाही से यात्रियों में भारी आक्रोश
जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG495 को शनिवार दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली से दरभंगा के लिए रवाना होना था। निर्धारित समय पर बोर्डिंग या उड़ान को लेकर यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। काफी देर तक इंतजार कराने के बाद एयरलाइन की ओर से फ्लाइट रद्द होने की सूचना दी गई, जिसके बाद यात्रियों में आक्रोश फैल गया। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन कर्मचारियों ने उन्हें समय पर स्थिति की जानकारी नहीं दी।
कई यात्रियों ने बताया कि फ्लाइट के लगातार देरी होने के बावजूद न तो कोई आधिकारिक घोषणा की गई और न ही उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में स्पष्ट रूप से बताया गया। यात्रियों का कहना है कि वे घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे, जिससे उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। एयरलाइन कर्मचारियों ने उड़ान रद्द होने के पीछे तकनीकी खराबी को कारण बताया है। यात्रियों ने सवाल उठाया कि अगर विमान में तकनीकी समस्या थी, तो इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई, ताकि वे अन्य विकल्पों पर विचार कर सकते।
लगातार दूसरे दिन उड़ानों में व्यवधान, यात्रियों की बढ़ी चिंता
यह चौंकाने वाला है कि शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर संचालित सभी चार जोड़ी नियमित उड़ानें अपने निर्धारित समय से मामूली देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं, लेकिन केवल दिल्ली-दरभंगा सेक्टर की स्पाइसजेट फ्लाइट SG495 रद्द होने से बड़ी संख्या में यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इससे ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को भी दरभंगा आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। खराब मौसम के कारण कोलकाता से दरभंगा के लिए रवाना हुई इंडिगो उड़ान को आधे रास्ते से ही कोलकाता वापस डायवर्ट कर दिया गया था।
लगातार दो दिनों में उड़ान संचालन से जुड़ी समस्याओं के सामने आने के बाद यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई है। यात्रियों का कहना है कि दरभंगा जैसे महत्वपूर्ण हवाई अड्डे से जुड़ी उड़ानों में बार-बार हो रही इस अव्यवस्था पर एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियों को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। प्रभावित यात्रियों ने एयरलाइन से पारदर्शी सूचना व्यवस्था, समय पर अपडेट और वैकल्पिक यात्रा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अचानक उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को असमंजस में छोड़ देना उचित नहीं है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
फिलहाल, एयरलाइन की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें







