Darbhanga murder case: बिहार के दरभंगा जिले में हुए मो. रेहान हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांव में हुई इस वारदात के मुख्य आरोपी मो. जमाली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े और चोरी के कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। लूटे गए ढाई लाख रुपये की बरामदगी के लिए फिलहाल छापेमारी जारी है।
पुलिस ने ऐसे सुलझाई रेहान हत्याकांड की गुत्थी
एसडीपीओ-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पप्पू हार्डवेयर के मालिक के छोटे भाई मो. फहीम और उनके कर्मचारी मो. रेहान ढाई लाख रुपये लेकर गोदाम पहुंचे थे। इसी दौरान, वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपी मो. जमाली ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बीच जब जमाली रुपयों से भरा बैग लेकर भागने लगा, तो रेहान ने उसे पहचान लिया।






एसडीपीओ-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया, ‘पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने रेहान पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने डॉग स्क्वायड, एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) और तकनीकी सेल की मदद से गहन जांच शुरू की। घटनास्थल के पास से ही हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया। वहीं, नकदी वाले बैग का अन्य सामान घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूर एक आम के बगीचे से मिला।

खून से सने कपड़ों ने खोले राज, चोरी में भाई की भी संलिप्तता
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. जमाली के घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान उसके कपड़ों पर खून के धब्बे मिले, जिसके आधार पर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। जमाली की तलाशी में कई मोबाइल फोन भी बरामद हुए, जिनमें से एक मोबाइल हाल ही में कपड़ा व्यवसायी अशोक साहू के घर हुई चोरी का निकला। पूछताछ में इस चोरी की घटना में जमाली के भाई मो. गजाली की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रेहान की हत्या में फिलहाल मो. जमाली की मुख्य भूमिका सामने आई है। चोरी की अन्य घटनाओं में उसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है।
सड़क जाम करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया था, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई है। कानून को अपने हाथ में लेने वाले ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लूटे गए ढाई लाख रुपये की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।









