Darbhanga News प्रभास रंजन दरभंगा की गूंज एक बार फिर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है, जहां बदमाशों ने ठगी का एक नया और शातिर तरीका अपनाया है। दरभंगा जिला अंतर्गत लहेरियासराय थाना क्षेत्र में शर्मा डायग्नोस्टिक चौक के नजदीक दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने खुद को प्रशासन का अधिकारी बताकर एक राहगीर को ठगी का शिकार बना लिया। पीड़ित से सोने की एक भर कीमती सिकड़ी और दस-दस ग्राम की दो अंगूठियां चालाकी से उतरवा ली गईं और इसके बदले भूरे रंग के कागज में पत्थर के टुकड़े थमा दिए गए।
शर्मा डायग्नोस्टिक चौक के पास दिया गया वारदात को अंजाम
यह पूरी घटना शनिवार की सुबह की है, जब बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर नवटोल निवासी दुधेश्वर यादव अपने घर से बाइक पर सवार होकर सब्जी खरीदने गुदरी बाजार गए थे। वापसी के दौरान जब वे शर्मा डायग्नोस्टिक चौक के पास पहुंचे, तब दो मोटरसिकल सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया। बदमाशों ने खुद को प्रशासनिक अमले का हिस्सा बताते हुए कहा कि आगे पुलिस जांच चल रही है और आपने जो आभूषण पहन रखे हैं, उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत कागज में सुरक्षित रख लीजिए।
कागज में जेवर बदल कर निकले चार पत्थर के टुकड़े
झांसे में आए पीड़ित को बदमाशों ने भूरे रंग का एक कागज थमाया और उसमें अपने जेवर लपेटने को कहा। जैसे ही उन्होंने आभूषण उस कागज में रखे, शातिर बदमाशों ने नजरें बचाकर जेवर बदल दिए और दूसरा कागज थमा दिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से तेजी से लहेरियासराय टावर की तरफ फरार हो गए। जब पीड़ित दुधेश्वर यादव ने उस कागज को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि उसमें सोने के जेवर की जगह केवल चार गिट्टी यानी पत्थर के टुकड़े निकले।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है स्थानीय पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित ने तुरंत लहेरियासराय थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। लहेरियासराय थाना अध्यक्ष चंद्रकांत गोड़ी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को प्राथमिकी मिल चुकी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश लगातार जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।







