Darbhanga News: दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़िता के पिता के आवेदन पर स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस लापता युवती की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है।

माधोपुर बाजार से गायब हुई युवती
घटना के संबंध में पुलिस को दिए गए आवेदन में पिता ने बताया कि उनकी बेटी 10 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पूजा का सामान खरीदने के लिए माधोपुर बाजार गई थी। तय समय पर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद भी जब युवती का कुछ पता नहीं चला, तब परिजनों ने थाने का रुख किया।

युवक पर पहले से था छेड़खानी का आरोप
पिता ने पुलिस को बताया कि गांव के ही रहने वाले लक्ष्मी भगत के बेटे गुरुदेव भगत पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का शक है। आरोपी महादेव स्थान चौक पर एक साइबर कैफे चलाता है। पिता के अनुसार, गुरुदेव पहले भी उनकी बेटी का पीछा करता था और छेड़खानी व गलत व्यवहार की कोशिश करता था। युवती ने इस बारे में पहले भी अपने पिता को जानकारी दी थी, जिसके बाद आरोपी को समझाया भी गया था, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं।
अनहोनी की आशंका जताते हुए तलाश जारी
पीड़ित पिता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी गुरुदेव पहले से शादीशुदा है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसे किसी दूसरे स्थान या महानगर में ले जाकर बेचने अथवा जान से मारने की नीयत से भगा ले गया है। सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने इस मामले में बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जल्द ही युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।







