Bihar Chhath Puja की तैयारियों के बीच वैशाली जिले के चेहराकलां प्रखंड से एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जहां प्रशासनिक उदासीनता से निराश होकर ग्रामीणों ने खुद ही व्यवस्था की कमान संभाल ली है। मथना मिलिक पंचायत के स्थानीय लोगों ने आपसी सहयोग से चंदा इकट्ठा कर छठ घाटों की सफाई की और पोखर में पानी भरवाया। पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए रोशनी और कपड़े बदलने के पुख्ता इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

खरना के दिन भी घाटों पर पसरी थी गंदगी
शनिवार को खरना पूजा के पवित्र अवसर पर भी कई घाटों पर कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि महापर्व को लेकर समय रहते पंचायत और प्रशासनिक स्तर पर साफ-सफाई की मु मुकम्मल व्यवस्था हो जानी चाहिए थी, लेकिन समय पर पहल न दिखने पर लोगों ने खुद ही आगे आने का फैसला किया। मथना मिलिक स्थित पोखर के पास गंदगी देखकर युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने चंदा जुटाया और तुरंत सफाई अभियान शुरू कर दिया।

पोखर में भरा गया पानी, रोशनी की होगी व्यवस्था
ग्रामीणों के मुताबिक मथना माल स्थित सिंह जी के पोखर और अन्य घाटों पर पसरी गंदगी को दूर करने के बाद अब वहां पानी भरा जा रहा है। मोनू केशरी, अमित केशरी, बिट्टू कुमार और सुबोध कुमार जैसे सक्रिय ग्रामीणों ने मिलकर इस पूरे श्रमदान और सहयोग अभियान की कमान संभाली। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वच्छता पर्यवेक्षक ने दी सफाई पर जानकारी
दूसरी ओर, मथना मिलिक पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार ने इस मामले पर स्पष्ट किया कि पंचायत के कुल तीन प्रमुख पोखरों में से मथना माल के धोबिया पोखर और सिंह जी के पोखर की सफाई का कार्य शनिवार को स्वच्छता कर्मियों द्वारा कराया जा रहा है। वहीं, मथना मिलिक स्थित पोखर की सफाई पूरी तरह से स्थानीय ग्रामीणों के आपसी सहयोग से संपन्न हुई है। प्रशासन और स्थानीय जनता के इस मिले-जुले प्रयासों से अब पर्व को लेकर घाटों की सूरत बदलने लगी है।







