Darbhanga News: प्रभास रंजन दरभंगा। दुर्गा पूजा के दौरान दरभंगा में पुलिस का रौद्र रूप देखने को मिला है। लहेरियासराय-दरभंगा मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक थाना के पास एक बाइक सवार दंपति को सुरक्षा कर्मी ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना तब हुई जब जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलरड्डी की गाड़ी उसी रास्ते से गुजर रही थी, जिसके बाद मौके पर हंगामा मच गया।
मेला घूमने जा रहे दंपति का एक सुरक्षा कर्मी से गलत लेन में जाने को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी ने बाइक सवार को एक थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने से दंपति सड़क पर गिर गए और इस घटना के कारण मुख्य सड़क पर भारी जाम लग गया।
बाइक सवार की पत्नी ने मौके पर मौजूद जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलरड्डी को घटना की पूरी जानकारी दी। महिला का आरोप था कि सिपाही ने उसके पति के साथ मारपीट की है।
दूसरी ओर, संबंधित जवान का कहना था कि उसने बाइक सवार को एक लाइन में चलने को कहा था, लेकिन बाइक सवार ने दूसरी लाइन में अपनी बाइक घुसा दी, जिससे सड़क जाम होने लगा। इस बीच, सूचना मिलते ही पूजा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद को शांत कराया। उनके हस्तक्षेप के बाद यातायात सामान्य हो सका।
लहेरियासराय थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई आवेदन मिलता है, तो मामले की पूरी तरह से तहकीकात की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







