Darbhanga Road Accident: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अहले सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति-27 के पास देर रात लगभग 4 बजे यह दुर्घटना हुई। एक TVS गाड़ी पर सवार होकर निकले चार दोस्त इस हादसे का शिकार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सभी चारों युवक दरभंगा शहर के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला, वार्ड संख्या 39 के निवासी थे। मोहल्ले में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम के बाद ये दोस्त रात करीब 3 बजे अपने परिवार को बिना बताए घर से निकल गए थे। परिजनों को उन्होंने बताया था कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वे TVS गाड़ी लेकर हाईवे की ओर बढ़ गए, जहां उनका सामना भीषण हादसे से हुआ।
तीन परिवारों के बुझे चिराग, एक कोमा में
इस हृदय विदारक Darbhanga Road Accident में 15 वर्षीय फारिश, 15 वर्षीय मोहम्मद इस्तेखार और 16 वर्षीय अल्ताफ नियाज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 16 वर्षीय मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, मोहम्मद तल्फ कोमा में चले गए हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद बाकरगंज मोहल्ले में गहरा मातम पसरा हुआ है। एक ही मोहल्ले के तीन परिवारों के चिराग बुझ जाने से हर आंख नम है। मृतकों के चाचा मोहम्मद अकील ने बताया कि किसी ने सोचा भी नहीं था कि सुबह ऐसी मनहूस खबर लेकर आएगी।
अनदेखी ने ली मासूमों की जान
देर रात बिना बताए घर से निकलना और हाईवे पर तेज रफ्तार से जाना, इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस परिस्थिति में यह दुर्घटना हुई। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इन किशोरों के असमय निधन से स्तब्ध है।







