सिंहवाड़ा, देशज टाइम्स। सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में सास-बहू के बीच चल रहे आपसी विवाद को मंगलवार को मुंबई से घर पहुंचे पुत्र निजामुद्दीन उर्फ इफ्तेखार ने खेत मे गेहूं का बोझा बांध रही मां महमूदा खातून मुन्नी पर चाकू से हमला कर पेट से आंत को बाहर कर दिया।
अचेत अवस्था में जमीन पर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरने के बाद महिला को सिंहवाड़ा अस्पताल में उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। चिकित्सा प्रभारी ने महिला की हालत नाजुक बताया है।
घटना के दौरान खेत में आसपास के लोग जुटकर आरोपी युवक को पकड़कर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला के पुत्र आरोपी निजामुद्दीन को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि आरोपी युवक की पत्नी व उसकी मां के बीच घरेलू विवाद को लेकर कई दिनो से मारपीट हो रही थी। पत्नी के बुलावे पर मंगलवार को मुंबई से इफ्तेखार घर पहुंचते ही आक्रोश व्यक्त कर मां की तलाश कर चाकू लेकर सीधे खेत में पहुंच गया जहां उसकी मां गेहूं का बोझा बांध रही थी।
वहीं पर बेटा ने जान मारने की नीयत से अपनी मां के पेट में चाकू गोद दिया। जख्म गंभीर होने के कारण महिला का पेट से आंत बाहर निकल गया था। उसके बाद कलियुगी बेटा शांत न होकर अपने बहन व बहनोई को भी चाकू मारने की नीयत से खेत में दौड़ाया, लेकिन मौके पर जुटे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।
लोगों की धुनाई से चोटिल आरोपी युवक का उपचार भी सीएचसी में कराया गया है। थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया है कि जख्मी महिला के पति माशूक बावर्ची के आवेदन पर केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

















