Bihar Liquor Seizure: आंचल कुमारी दरभंगा। बिहार में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में मद्य निषेध टीम ने शुक्रवार शाम को एक बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 533 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस के गांव में पहुंचने की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से एक पिकअप छोड़कर भागने में कामयाब रहे।
कमतौल में ऐसे हुई कार्रवाई और क्या-क्या मिला?
सदर टू मद्य निषेध टीम के प्रभारी अनि राज किशोर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर उन्होंने टीम के साथ कमतौल थाना क्षेत्र के छोटकी लाधा गांव में छापेमारी की। यह कार्रवाई रेल गुमटी से थोड़ा आगे राजीव कुमार के मुर्गी फार्म के पास एक कच्चे रास्ते के किनारे की गई। यहां भारी मात्रा में विदेशी शराब लावारिस हालत में पड़ी मिली।
बरामद शराब में इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और रॉयल स्टैग व्हिस्की शामिल है। यह विभिन्न पैकों में कुल 533.160 लीटर पाई गई। कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि यह शराब एक पिकअप वैन से उतारी जा रही थी। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही कारोबारी और उनका वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
फरार कारोबारी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बरामद की गई सारी शराब को जब्त कर थाने ले आई है। इस मामले में अज्ञात शराब कारोबारी के विरुद्ध कमतौल थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है और फरार तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई राज्य में चल रहे मद्य निषेध अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि वे शराब तस्करों को पकड़ने और इस अवैध धंधे पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।







