
बेनीपुर। अयाची मिथिला महिला महाविद्यालय बहेड़ा के शिक्षक-कर्मचारी संघ ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अपनी मांगों के समर्थन में महाविद्यालय में तालाबंदी की।
इस दौरान शिक्षक -कर्मचारियों ने महाविद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। संघ के सचिव प्रो. देवेंद्र कुमार झा ने बताया कि महाविद्यालय प्रबंधन वर्षों से न्यायदेश, राज्यादेश और विश्वविद्यालय के आदेश के बावजूद शिक्षक-कर्मचारियों को न तो मासिक भुगतान कर रहा है, न महाविद्यालय में व्याप्त कुव्यवस्था को दूर किया जा रहा है।
और, तो और राज्य सरकार की ओर से वर्षों बाद दिया गया दो वर्षों का अनुदान विश्वविद्यालय में महीनों से पड़ा है पर प्रभारी प्रधानाचार्य की अकर्मण्यता के कारण वह महाविद्यालय के खाता तक में नहीं आया है। महिला कॉलेज होने के बावजूद शौचालय, पेयजल, और प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था नहीं की जा रही है। पूरे महाविद्यालय में अराजकता का साम्राज्य व्याप्त है।
कई बार प्रबंधन के सभी सदस्यों को संघ द्वारा इससे सम्बंधित ज्ञापन दिया गया पर समस्या जस की तस बनी हुई है। इसके विरुद्ध एक दिवसीय तालाबंदी किया गया है अगर दस दिनों में समस्या का समाधान नहीं होगा तो अनिश्चित कालीन तालाबंदी की जाएगी जिसकी जवाबदेही प्रबंधन की होगी।
इस तालाबंदी एवं धरना कार्यक्रम में डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. सुनीता झा, प्रो. अजय कुमार ठाकुर, डॉ. हीरा झा, डॉ. रेणु कुमारी, डॉ. रीता कुमारी, प्रो. प्रमोद कुमार कर्ण, प्रो. उदय चंद्र झा, प्रो. विजय कांत झा, प्रो. रामपदारथ राय, प्रो. सविता वर्मा, डॉ. शंभु नाथ झा, प्रो. राजकुमार चौधरी, अमोल कुमारी, रुमाना खातून, सुधीर कुमार मिश्र, रामसेवक ठाकुर, निर्मल कुमार राय, सुनीता देवी अरुण कुमार झा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी शामिल थे।







