घोघरडीहा, मधुबनी देशज टाइम्स। प्रखंड क्षेत्र में यूरिया उर्वरक की किल्लत से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूरिया के आभाव के कारण किसान के खेतों में लगी धान की फसल पर इसका असर साफ तौर पर दिख रहा है।
यूरिया के लिए किसान बाजार में उर्वरक दुकानों की चक्कर लगा रहे हैं।यूरिया उर्वरक न मिलने के बाद वे मायूस होकर घर लौट रहे हैं। जिसके कारण किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। स्थिति यह है कि घोघरडीहा बाजार के एक भी उर्वरक दुकान पर यूरिया खाद नही मिल पा रही है। प्रखंड अंतर्गत संचालित होने वाली सभी लाइसेंसी दुकानों में यूरिया का स्टॉक शून्य बताया जा रहा है। लेकिन गांव देहात के अधिकांश किराना दुकानों पर धड़ल्ले से मनचाहा दाम पर किसानों के हाथों यूरिया बेचा जा रहा है।
विभाग की ओर से यूरिया का सरकारी मूल्य 266.50 रुपए निर्धारित किया गया है। लेकिन गांव देहात में 400 से 500 रुपए प्रति बोरा तक यूरिया खाद बेची जा रहा है। किसान संजय मंडल, रघुबीर मंडल, विनय पासवान,महेश दास आदि ने बताया कि धान के पौधे को हरा रखने के लिए किसानों को भारी मात्रा में यूरिया की आवश्यकता पड़ती है। किसानों ने वरीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए अविलंब यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस सबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि यूरिया की रैक नहीं लगने से थोड़ी परेशानी हुई है। अब रैक लगना शुरू हो गया है। जल्द ही यूरिया की किल्लत दूर कर किसानों को सरकारी मूल्यों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

















