Nawada News: नवादा जिले में पिछले 24 घंटे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता चल रहे एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में कोहराम मच गया है। किउल-गया रेलखंड पर नेमदारगंज थाना क्षेत्र के न्यू अंसार नगर इलाके के समीप शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर यह शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

गुरुवार सुबह से घर से निकले थे मजदूर
मृतक की पहचान नवादा नगर थाना क्षेत्र के भदौनी स्थित नान्हू नगर निवासी 42 वर्षीय मो. इकराम भाट उर्फ फोटू के रूप में की गई है। वह मो. मुन्ना भाट के पुत्र थे और पेशे से मजदूर थे। इकराम पंडाल निर्माण का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, वह गुरुवार की सुबह करीब 9:00 बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी तलाश करने और रिश्तेदारों के यहां पता लगाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

पत्नी ने जताई ट्रेन से टकराने की आशंका
शुक्रवार की सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच शव पड़ा देखा। मृतक के सिर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। मृतक की पत्नी शमां खातून ने पुलिस को दिए गए बयान में ट्रेन की चपेट में आने से पति की मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार की देखरेख में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य छिन जाने से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। रजौली के प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







