Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद जिले में सोन नदी पुल पर गुरुवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। ई-रिक्शा की बैट्रियों से लदी एक पिकअप वैन में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में वाहन में रखीं करीब 25 बैट्रियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी पिकअप धू-धूकर जल उठी।
बारुण थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी पुल पर हुई इस घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। पिकअप चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धू-धूकर जली पिकअप
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। वाहन में ई-रिक्शा की लगभग 25 बैट्रियां लदी हुई थीं, जो आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बैट्रियों के कारण आग और तेजी से फैली।
चालक ने कूदकर बचाई जान, यातायात बाधित
पिकअप में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी। इस वजह से उसकी जान बच गई। आग लगने के कारण सोन नदी पुल पर वाहनों की आवाजाही थम गई, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और यातायात को सुचारु करने की कवायद शुरू की।
इस घटना से पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। आग पर काबू पाने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।







