Bihar Congress Protest: पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे इन प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सचिवालय थाने के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर क्यों उठा सवाल?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनकी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
पानी की बौछार, फिर भी नहीं डिगे कार्यकर्ता
पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सचिवालय थाने के गेट पर ही बैरिकेडिंग कर दी गई थी। जब कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास करने लगे, तो पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। पानी की तेज बौछारें पड़ने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों पर डटे रहे और पीछे हटने से इनकार कर दिया। पानी खत्म हो जाने पर भी उनका प्रदर्शन जारी रहा।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन दिखाता है कि पार्टी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठा रही है। आने वाले समय में इस मुद्दे पर सियासी घमासान और तेज होने की संभावना है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।








You must be logged in to post a comment.