Bhagalpur Bridge Closure: भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर आवागमन 28 अगस्त की मध्य रात्रि से थम जाएगा। इस महत्वपूर्ण पुल की मरम्मत के चलते प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए जलमार्ग को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तैयार किया है। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी है।
जलमार्ग से आवागमन की विशेष तैयारी
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बताया कि पुल बंद होने के बाद लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए ज्यादातर बड़ी जहाजों का परिचालन कराया जाएगा। यह व्यवस्था यात्रियों को एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाने में मदद करेगी, जिससे दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी और उनका सफर सुगम हो पाएगा।
गंगा के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर, सुरक्षा प्राथमिकता
हालांकि, इस वैकल्पिक व्यवस्था के साथ ही प्रशासन की पैनी नजर गंगा के जलस्तर पर बनी हुई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि गंगा का पानी डेंजर लेवल से ऊपर पहुंचता है, तो सुरक्षा कारणों से नावों के परिचालन पर तत्काल रोक लगा दी जाएगी। जलस्तर की स्थिति के अनुसार ही जलमार्ग का संचालन किया जाएगा। प्रशासन लोगों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए हर संभव वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी कर रहा है।
विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के दौरान यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।







