Bihar Politics: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। महागठबंधन के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और एसआईआर (SIR) के खिलाफ बड़ा आक्रोश मार्च निकाला। इस प्रदर्शन के दौरान सड़क पर भारी हंगामा देखने को मिला, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की थी।
आक्रोश मार्च के बीच तेजस्वी यादव बैरिकेडिंग पर ही बैठ गए, जिसके बाद वे आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। इस दौरान तेजस्वी यादव और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर लोकभवन पहुंचाया। तेजस्वी यादव के साथ उनकी बहन मीसा भारती और वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी को भी पुलिस राज्यपाल से मुलाकात करवाने के लिए लोकभवन लेकर गई है।
पुलिस कार्रवाई पर भड़के नेता, लगाए गंभीर आरोप
इस घटना के बाद महागठबंधन के नेताओं का गुस्सा और भड़क उठा। कई कार्यकर्ता तो एसडीपीओ की गाड़ी पर चढ़ गए। वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी उंगली तोड़ दी। वहीं, आईपी गुप्ता ने दावा किया कि उनके पेट में डंडा घुसाया गया। पटना की सड़कों पर इस दौरान जमकर बवाल हुआ, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठाता रहा है। एसआईआर के दौरान कई वोटर्स के नाम प्रभावित हुए हैं। महागठबंधन ने चुनाव आयोग से इन आरोपों को लेकर जवाब मांगा है।
प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के कारण कई मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। तेजस्वी यादव ने जोर देकर कहा कि महागठबंधन ने चुनाव आयोग से इन गंभीर आरोपों पर जवाब मांगा है और इसी मुद्दे पर सभी नेता एकजुट होकर सड़क पर उतरे हैं।
पटना में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात
महागठबंधन के आक्रोश मार्च को देखते हुए पटना पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी और वाटर कैनन भी तैयार रखा गया था। शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिसमें पांच लेयर की सुरक्षा व्यवस्था थी। हालांकि, तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के प्रमुख नेताओं को पुलिस लोकभवन ले गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राज्यपाल से तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं की क्या बातचीत होती है और इस घटनाक्रम का बिहार की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।








You must be logged in to post a comment.