Khesari Lal Yadav: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव एक बार फिर अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर गए हैं। खुर्दा मेले में रात उनके स्टेज शो के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने दर्शकों को असहज कर दिया और अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच पर विदेशी डांसर्स को देखते ही खेसारी लाल ने माइक पर ऐसी फूहड़ और डबल मीनिंग बातें कहीं कि लोग हैरान रह गए। उनकी इस हरकत पर अब सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा फूट पड़ा है।
खुर्दा मेले के मंच पर जैसे ही विदेशी डांसर आई, खेसारी लाल यादव ने उसके रूप-रंग पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करनी शुरू कर दी। उन्होंने सीधे माइक पर कहा, ‘तू पैदा भइले नइखू, डाउनलोड भइल बाड़ू… AI जनरेटर हऊ का?’ इसके बाद उन्होंने डांसर से पूछना शुरू कर दिया कि वह भारत की है या बाहर से आई है। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका।
डांसर को अपने पास बुलाने के बाद, जैसे ही उसने खेसारी लाल को हाथ लगाया, उन्होंने तुरंत माइक पर बेहद गंदे अंदाज में कहा, ‘पकड़ने के लिए बोला था, रगड़ने के लिए नहीं बोला था!’ हजारों लोगों के सामने उनकी यह टिप्पणी सुनकर कई दर्शक असहज हो गए।
खेसारी लाल यादव ने मंच पर आगे कहा, ‘डोंट माइंड, मैं बहुत छुछुंदर आदमी हूं… आया हूं तो किसी को छोड़ूंगा नहीं, सबका सम्मान बराबर करूंगा।’ जब स्टेज पर मौजूद उनके साथी ने उन्हें टोका कि उनकी पत्नी भी यह सब देख रही होगी, तो खेसारी लाल ने बेपरवाह होकर जवाब दिया कि पत्नी कोई पहली बार थोड़ी देख रही है, वो तो रोज देखती है।
मंच से कब खत्म होगी ये गंदगी?
इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया है। खेसारी लाल यादव के इस व्यवहार पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। सोशल मीडिया यूजर्स लगातार कमेंट कर रहे हैं कि आखिर मंचों से इस तरह की ‘गंदगी’ कब खत्म होगी और सार्वजनिक आयोजनों में मर्यादा का पालन क्यों नहीं किया जाता।
पहले भी विवादों में घिर चुके हैं खेसारी लाल यादव
यह कोई पहली बार नहीं है, जब खेसारी लाल यादव ने मंच पर इस तरह की भाषा का प्रयोग किया हो। इससे पहले भी नेपाल और बिहार के कई स्टेज शो में उनके ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं। इन वीडियोज में वह मंच पर मौजूद फीमेल डांसर्स और को-आर्टिस्ट्स पर खुलेआम डबल मीनिंग चुटकुले सुनाते और व्यक्तिगत टिप्पणियां करते दिखे हैं। कभी स्टेज पर डांसर्स के कपड़ों और शरीर पर फब्तियां कसने को लेकर, तो कभी गानों के बीच में मर्यादा लांघने की वजह से उन्हें दर्शकों और सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आना पड़ा है। बार-बार विवादों में घिरने के बावजूद, खेसारी लाल यादव ऐसे बयानों से बाज नहीं आते, जिससे उनकी छवि पर लगातार नकारात्मक असर पड़ रहा है।







You must be logged in to post a comment.