पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi Birthday 2021) के जन्मदिन यानी 17 सितम्बर को बिहार में बड़े स्तर पर कोरोना का टीकाकरण होगा। इसके लिए कार्यक्रम तय किये जायेंगे और इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। जनसंवाद कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना के संभावित खतरे और बुखार जैसी बीमारी को लेकर लगातार सक्रिय है। इसके साथ राज्य में बढ़ते डेंगू के मामले पर भी सरकार की पैनी नजर है। राज्य के जिन-जिन जिलों में डेंगू और बुखार के साथ अन्य बीमारियों की जानकारी मिल रही है। अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है।
CM Nitish Kumar ने कहा
स्वास्थ्य विभाग डेंगू को लेकर लगातार अलर्ट है। सारण, गोपालगंज, सीवान में जांच टीम भेजी गई थी और डेंगू की जांच की गई। गोपालगंज में डेंगू के नौ मरीज मिले। सरकारी अस्पतालों में बेड और दवा की कोई कमी नहीं है। सारे संसाधन मौजूद हैं।
बिहार में आये बाढ़ और उससे हुए नुकसान के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिनों तक सभी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों का दौरा करने को कहा गया है। बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर केंद्र से टीम आई थी। टीम ने आकलन किया है । उनसे हमारे अधिकारियों ने बात की है।
उन्होंने मीडिया को कहा कि आपसे हमे राज्य में सुखाड़ की भी खबर मिली तो हमने तुरंत एक्शन लिया। हमने सुखाड़ के संभावित खतरे के मद्देनजर भी बैठक की है। बाढ़-सुखाड़ को लेकर हमारे सभी मंत्री प्रभाव वाले जिलों में जाकर हालात का जायजा लेंगे। इस दौरान सभी विधायक,सांसद चाहें तो रहें और प्रभारी मंत्री को जानकारी दें।
दो दिनों तक सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में बैठक कर समीक्षा करेंगे और फिर रिपोर्ट देंगे।दो दिन में पूरा का पूरा रिपोर्ट कलेक्ट किया जाएगा। इसके बाद इसपर जल्द ही निर्णय लिया जायेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जनता दरबार में सितंबर के दूसरे सोमवार को स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग, कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, वित्त विभाग श्रम संसाधन विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित मामलों को सुना और अधिकारियों को फोन पर और साक्षात आवश्यक निर्देश दिए।

















