Samastipur Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनधारा रुपौली गांव में रविवार रात एक दामाद ने अपने ससुर की गला काटकर हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध के पीछे बेटी को मायके लाने की नाराजगी और लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है।
बेटी के मायके रहने से भड़का दामाद, ससुर को उतारा मौत के घाट
जानकारी के अनुसार, आरोपी दामाद जितेंद्र दास अपनी पत्नी के मायके में लंबे समय से रहने को लेकर नाराज था। इसी बात पर उसका अपने ससुर से विवाद चल रहा था। रविवार की रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि जितेंद्र दास ने तेजधार हथियार से अपने ससुर का गला रेत दिया। घटना के बाद परिवार के लोग और ग्रामीण सकते में आ गए।






इलाज के लिए ले जाते समय हुई मौत, आरोपी फरार
गंभीर रूप से घायल वृद्ध ससुर को आनन-फानन में परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन, दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद जितेंद्र दास मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी दामाद जितेंद्र दास को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक कलह के गंभीर परिणामों को उजागर किया है, जिसमें रिश्तों का खून हो गया।








