
भागलपुर से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां बिहार के बहुचर्चित सृजन घोटाला में सीबीआई के द्वारा कार्रवाई की जा रही है। सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को तिलकामांझी के रहने वाले अरुण कुमार को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने डीआरडीए के निलंबित क्लर्क अरुण कुमार को भागलपुर के तिलकामांझी के न्यू प्राणवती लेन के गली नंबर 8 में स्थिति उसके घर से गिरफ्तार किया है। अरुण कुमार को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की टीम उसे लेकर सदर अस्पताल मेडिकल चेकअप के लिए लेकर गई।
अब सीबीआई उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी की मांग करेगी। अरुण कुमार की गिरफ्तारी
सीबीआई ने शुक्रवार को ही की। क्लर्क अरुण कुमार पर DRDA खाते से अवैध निकासी मामले में आरोप लगे हैं। आरोप है कि अरुण कुमार से जब ट्रांजेक्शन के बाउचर मांगे गये थे, जिसका जिक्र कैश बुक में था, तो वो उसे नहीं दिखा सके थे।
अरुण कुमार पहले डीआरडीए के साथ साथ रेवेन्यू विभाग का भी क्लर्क हुआ करते थे। सृजन घोटाले के बाद सीबीआई ने इन्हें भी आरोपी बनाया था और कोर्ट के द्वारा इनकी गिरफ्तारी का आदेश जारी किया गया था। जिसके बाद लगातार सीबीआई की टीम इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। आज इन्हें इनके आवास से सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया है।
इससे पहले बुधवार को सीबीआई की टीम ने लोकल पुलिस के साथ आधा दर्जन से ज्यादा सार्वजनिक स्थानों पर पब्लिक नोटिस चिपकाया था। वहीं, घोटाले की फरार चल रही मुख्य आरोपी रजनी प्रिया की तलाश में भी सीबीआई की टीम उसके संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।







