मधुबनी, देशज टाइम्स ब्यूरो। लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी के एक गंभीर मामले में हैदराबाद के पंजागुट्टा थाना में दर्ज कांड संख्या 450/23 में वहां की चार सदस्यीय टीम लखनौर पहुंची। वहां की पुलिस झंझारपुर के लखनौर थाना की पुलिस के मदद से चोरी गये आभूषण के तहकीकात में जुट गई। जहां पुलिस ने अपने साथ वहां से गिरफ्तार किए गए चोर को वहां के कोर्ट से रिमांड पर साथ लेकर आई थी।
गिरफ्तार चोर की निशानदेही पर लौफा के दो ज्वेलर्स एवं मैवी कछुआ हाट के एक ज्वेलर्स की दुकान पर छापेमारी की। हैदराबाद एवं लखनौर की पुलिस ने छापेमारी के बाबत कुछ भी जानकारी देने में असमर्थता जताई।






इस बावत लखनौर थानाध्यक्ष नीलिमा कुमारी ने बताया कि लौफा के एक ज्वेलर्स ने चोरी का सामान खरीदने की पुष्टि की है और उम्मीद है कि वहां से चोरी कर लाए गए आभूषण की रिकॉवरी भी संभावित है। हैदराबाद के पंजागुट्टा थाना के एसआई एन गिरिधर ने बताया कि वहां के एक व्यवसायी श्रीकांत के यहां लखनौर थाना के खैरी टोल निवासी नारायण साह के पुत्र सज्जन कुमार घरेलू नौकर का काम करता था।
मौका पाकर उसने करीब 20 सोना का कंगन चोरी कर भाग खड़ा हुआ। कांड दर्ज होने के बाद सज्जन कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से तब छह सोने का कंगन प्राप्त हुआ था। 14 कंगन की तलाश में पुलिस लखनौर पहुंची है। इधर, रिमांड पर लाया गया चोर सज्जन कुमार ने खुद भी मीडिया के समक्ष स्वीकार किया है कि उसने 20 कंगन की चोरी की है।








