बेगूसराय पुलिस ने सड़क लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अपराधियों के पास से उक्त घटना में प्रयोग किया गया एक पिस्टल, एक देसी पिस्तौल, लूटा गया एक मोबाइल, लूटा गया एक मोटरसाइकिल तथा लूट में प्रयोग किया गया तीन मोटरसाइकिल बरामद करते हुए तीन लुटेरों को दबोच लिया है।
जानकारी के अनुसार, विगत दिनों वीरपुर थाना क्षेत्र में हुए दो लूट कांड का उद्भेदन करते हुए घटना में शामिल तीन अपराधियों को हथियार, लूटा गया मोटरसाइकिल, मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी गुरुवार को कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी योगेन्द्र कुमार ने दी।
एसपी ने बताया कि 15 अप्रैल की देर शाम दो मोटर साइकिल पर सवार छह अपराधियों ने वीरपुर थाना क्षेत्र के लतराही के समीप हथियार के बल पर एक मोबाइल एवं पांच हजार रूपया लूट लिया था। उसके बाद एक मई की शाम वीरपुर थाना क्षेत्र में ही मुजफ्फरा एवं मल्लहडीह के बीच नट बाबा स्थान के पास दो मोटरसाईकिल पर सवार पांच अपराधियों ने हीरो स्पेलेंडर मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल लूट लिया।
दोनों लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातर सूचना संकलन, तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए घटना में संलिप्त तेघड़ा थाना क्षेत्र के नोनपुर निवासी मास्टरमाइंड बंकुश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
बंकुश कुमार द्वारा लूट में संलिप्तता स्वीकार करते हुए साथियों का नाम बताया गया। जिसके निशानदेही पर इसके सहयोगी अपराधी तेघड़ा थाना क्षेत्र के पिपरा दोदराज करण कुमार एवं साजन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि यह गैंग काफी सक्रिय था तथा लगातार घटना को अंजाम दे रहा था। कम समय में घटना का उद्भेदन करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा तथा तीनों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी। प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी अमित कुमार एवं वीरपुर थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार भी उपस्थित थे।







