दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने शुक्रवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। डिविलियर्स ने आखिरी बार अप्रैल 2018 में जोहान्सबर्ग में (cricket/story/ab-de-villiers-announces-retirement-from-all-forms-of-cricket) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के लिए खेला था।
संन्यास लेने के फैसले का मतलब

संन्यास लेने के फैसले का मतलब यह है कि इंटरनेशनल क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुका यह धुरंधर खिलाड़ी अब आईपीएल में भी नहीं खेलता दिखेगा। उन्होंने संन्यास लेने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पूरी टीम और विराट कोहली को शुक्रिया कहा है।

उन्होंने लिखा, ”आरसीबी के लिए खेलते हुए मैंने लंबा समय बिताया है। इस साल मैंने फ्रेंचाइजी के लिए 11 साल पूरे किए हैं और अब लड़कों को छोड़ना बहुत दुखदाई है। बेशक इस निर्णय पर पहुंचने के लिए बहुत समय लगा, लेकिन बहुत सोच-विचार के बाद मैंने संन्यास लेने और अपने परिवार के साथ समय बिताने का फैसला किया है।”
डिविलियर्स ने ट्वीट किया,
“मेरी यात्रा शानदार रही, अब मैंने क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने का फैसला किया है। अपने घर के पीछे बड़े भाइयों के साथ खेलना शुरू किया था और तब से लेकर आज तक मैंने इस खेल का खूब लुत्फ उठाया। अब 37 साल की उम्र में वो आग इतनी तेज नहीं जल रही है।”
उन्होंने आगे लिखा, ”मैं इस मौके पर आरसीबी मैनेजमेंट, मेरे दोस्त विराट कोहली, टीम के साथियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ, फैन्स और पूरे आरसीबी परिवार को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने इतने साल तक मुझमें भरोसा दिखाया और मेरा समर्थन किया। यह एक अविश्वसनीय यात्रा रही है। पर्सनली जीवन भर संजोने के लिए बहुत सारी यादें हैं।
आरसीबी हमेशा मेरे और मेरे परिवार के बहुत करीब रहेगा और इस अद्भुत टीम का समर्थन करना जारी रखूंगा। मैं हमेशा के लिए आरसीबियन हूं। मैंने अपने बैकयार्ड में बड़े भाइयों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया और तब से ही पूरे आनंद और जबरदस्त उत्साह के साथ इस खेल को खेला है। 37 साल की उम्र में वह लौ अब उतनी तेज से नहीं जलती। मुझे इस बात को स्वीकारना होगा। यही वजह है कि मैंने संन्यास लेने का ऐलान किया है।”
डिविलियर्स ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 114 टेस्ट, 228 वनडे और 78 टी20 मैच खेले। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज ने दुनिया भर की विभिन्न टीमों के लिए 340 टी20 मैचों में भाग लिया।
डिविलियर्स ने अपने पूरे टी20 करियर में 9424 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 69 अर्धशतक लगाए। 340 टी20 मैचों में उनका बल्लेबाजी औसत 37.24 रहा। उन्होंने अपने टी20 करियर में 436 छक्के लगाए व साथ ही उन्होंने 230 कैच भी लपके।
डिविलियर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 184 मैचों में 39.71 की औसत से 5162 रन बनाए। डिविलियर्स का स्ट्राइक रेट 151 से ज्यादा का रहा और उनके बल्ले से 3 शतक, 40 अर्धशतक निकले।
डिविलियर्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट को तो 2018 में ही अलविदा कह दिया था कि लेकिन वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे थे. इसी के तहत वह विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे थे।
आईपीएल-2021 में भी वह खेले थे। यूं तो डिविलियर्स ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2008 से ही दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ की थी, लेकिन चौथे सीजन में वह आरसीबी के साथ आ गए थे। इस बल्लेबाज का आईपीएल करियर देखा जाए तो उन्होंने 184 मैच खेले हैं और 39.70 की औसत से 5162 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक जमाए और 40 अर्धशतक।


















