छपरा, देशज टाइम्स। सीवान में चिकित्सक की पुलिसकर्मियों ने जमकर पिटाई कर दी। विरोध में छपरा सदर अस्पताल के ओपीडी तथा इमरजेंसी में चिकित्सकों ने मंगलवार को कामकाज बाधित कर दिया। इस वजह से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। दर्जनों की संख्या में इमरजेंसी में इलाज के लिए सुदूर ग्रामीण इलाकों से आए मरीजों को इधर-उधर भटकते हुए देखा गया। आई एम ए तथा बिहार राज्य चिकित्सा सेवा संघ के आह्वान पर सारण जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सक हड़ताल पर चले गए हैं। सोमवार को चिकित्सकों ने केवल ओपीडी की सेवा को बाधित की थी, लेकिन मंगलवार को चिकित्सकों ने अपनी मांगों के समर्थन में आपातकालीन सेवा को भी बाधित कर दिया।
इस वजह से जिले में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति काफी लचर हो गई है । बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में चिकित्सक की पुलिस कर्मियों की पिटाई से चिकित्सकों में काफी आक्रोश है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सारण जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं और इस जिले में भी चिकित्सा सेवा पूरी तरह चरमरा गई है। आपातकालीन कक्ष में चिकित्सा सेवा बाधित होने के कारण मरीजों के परिजनों ने मंगलवार को दिन में घंटों हंगामा किया,लेकिन कोई प्रशासनिक पदाधिकारी देखने तक नहीं पहुंचें।
पूछे जाने पर पता चला कि सदर अस्पताल के उपाधीक्षक समेत सभी पदाधिकारी जिलाधिकारी के यहां जिला टास्क फोर्स की बैठक में भाग लेने गए हैं । हड़ताल के कारण प्रसव कक्ष में भी सेवा बाधित है । इसके अलावा दुष्कर्म के मामलों की भी मेडिकल जांच दो दिनों से नहीं हो रही है। चिकित्सा सेवा बाधित रहने के कारण परेशान मरीजों के परिजनों में सरकार तथा प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश है। शहर के चिकित्सकों ने निजी क्लिनिक को भी बंद कर दिया है। इस वजह से स्थिति और गंभीर हो गई है। 








You must be logged in to post a comment.