मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की घोषणा की। इसके साथ ही रेपो रेट 5.5% से घटकर 5.25% हो गया है। इस फैसले का रियल एस्टेट सेक्टर पर सीधा और सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। रेपो रेट में कटौती की खबर आते ही डीएलएफ, ओबेरॉय रियल्टी और प्रेस्टीज जैसी बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में 2% तक की उछाल देखी गई।
सवाल यह उठता है कि आखिर रेपो रेट में कटौती से रियल एस्टेट सेक्टर में इतनी हलचल क्यों मच जाती है? इसकी सीधी वजह यह है कि रेपो रेट का कम होना, घर खरीदारों के लिए, विशेषकर सस्ते और मध्यम-आय वर्ग के खरीदारों के लिए, होम लोन को सस्ता बना देता है। इससे रियल एस्टेट सेक्टर को अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी मजबूती मिलती है।
रियल एस्टेट इकोसिस्टम पर बढ़ेगा भरोसा
जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, जश पंचमिया ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा, “RBI का 25 बेसिस पॉइंट्स का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब महंगाई नियंत्रण में है और अर्थव्यवस्था स्थिर है। इससे सभी क्षेत्रों में उपभोग बढ़ने की उम्मीद है, जो समग्र आर्थिक विकास को गति देगा। विशेष रूप से, किफायती और मध्यम-श्रेणी के आवासों को लाभ होगा क्योंकि कम होम लोन दरें खरीदारों को सावधानीपूर्वक निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगी। नतीजतन, इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जिससे अच्छी गुणवत्ता वाले घरों की मांग बढ़ेगी और बाजार की गतिविधियां और मजबूत होंगी। साथ ही, यह निवेश की भावना को भी समर्थन देगा और रियल एस्टेट इकोसिस्टम में दीर्घकालिक विश्वास को बढ़ावा देगा।”
गंगा रियल्टी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर, विकास गर्ग ने कहा, “RBI द्वारा रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती रियल एस्टेट सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम है। ब्याज दरों में कमी से होम लोन सस्ते हो जाएंगे, जिससे खरीदारों का विश्वास बढ़ेगा और मध्यम-आय वर्ग और प्रीमियम हाउसिंग सेगमेंट में मांग मजबूत होगी। कम EMI राशि उन खरीदारों को भी तेजी से निर्णय लेने में मदद करेगी जो बेहतर बाजार माहौल का इंतजार कर रहे थे।”
रियल एस्टेट को रास आया RBI का फैसला
सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड के संस्थापक और चेयरमैन, प्रदीप अग्रवाल ने कहा, “हम महंगाई में नरमी के बीच RBI द्वारा रेपो रेट को 25 bps घटाकर 5.25% करने के फैसले का स्वागत करते हैं। यह कदम निश्चित रूप से समग्र आर्थिक विकास की गति को समर्थन देगा, जिससे मांग और निवेश गतिविधियां और मजबूत होंगी। रियल एस्टेट सेक्टर लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है क्योंकि RBI द्वारा पहले की गई कुल रेपो-रेट में 100 bps की कमी, बजट में आयकर राहत और इस साल की शुरुआत में GST दरों का युक्तिकरण, न केवल होम लोन को सस्ता बनाया है, बल्कि घर खरीदारों के लिए समग्र सामर्थ्य में भी काफी सुधार किया है। इस नवीनतम दर कटौती से बाजार की भावना को और मजबूती मिलने, क्रय शक्ति में वृद्धि होने और प्रमुख सेगमेंट में आवास की मांग में निरंतर वृद्धि को समर्थन मिलने की उम्मीद है, जिससे रियल एस्टेट एक पसंदीदा दीर्घकालिक संपत्ति वर्ग बना रहेगा।”
निम्बस रियल्टी के सीईओ, साहिल अग्रवाल ने कहा कि बाजार लंबे समय से ब्याज दरों में राहत का इंतजार कर रहा था। रेपो रेट में यह कटौती बिल्डरों और खरीदारों दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे नए लॉन्च और निर्माणाधीन परियोजनाओं में ग्राहकों की रुचि बढ़ेगी। यह निर्णय अगले तिमाही से आवास क्षेत्र में मांग में 15-20% की वृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। हमें विश्वास है कि NCR में आवास गतिविधियों में तेजी स्पष्ट रूप से दिखाई देगी।







