Darbhanga News: दरभंगा जिले के जाले नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 लतराहा में जमीन और पानी भरने को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। एक महिला से बेरहमी से मारपीट की गई और उसके घर से लाखों रुपये नकद व सोने के गहने लूट लिए गए। इस मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानी भरने गई महिला पर हमला, बाल पकड़कर घसीटा
पीड़िता रीना देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि यह घटना 13 जून की शाम करीब पांच बजे हुई। 35 वर्षीय रीना अपने निजी चापाकल पर पानी भरने गई थीं। तभी ब्रह्मदेव यादव, छोटन यादव, मनोज यादव और मुकेश यादव समेत अन्य आरोपित लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने रीना देवी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। आरोपितों ने महिला के बाल पकड़कर उसे बेरहमी से घसीटा।






बीच-बचाव करने आईं जलेविया देवी भी घायल, घर से लाखों की लूट
मारपीट के दौरान जब जलेविया देवी बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपितों ने उन्हें भी लाठी से मारकर घायल कर दिया। रीना देवी ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि हमलावरों ने उनके घर का गेट तोड़ दिया। इसके बाद घर में घुसकर करीब दो लाख रुपये नकद और दो भर सोने के गहने लूट लिए। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रीना देवी के आवेदन पर नौ नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








