Darbhanga Crime: दरभंगा में हद पार दादागिरी! 5 लाख न देने पर संवेदक की गाड़ी जब्त, डेढ़ लाख भी ले लिए | थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संवेदक के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है.
बिहार के दरभंगा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल पंचायत के मुखिया पति पर रंगदारी मांगने और गाड़ी जब्त करने का आरोप लगा है. एक संवेदक ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में उनसे 5 लाख रुपए का अवैध कमीशन मांगा गया. कमीशन न देने पर मुखिया पति ने उनकी चार पहिया गाड़ी छीन ली और गाड़ी में रखे डेढ़ लाख रुपए भी ले लिए.






नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर स्थित गयात्री मंदिर निवासी आनंद कुमार ने बहादुरपुर थाना में एक लिखित आवेदन देकर इस घटना की जानकारी दी है. आनंद कुमार ने बताया कि उन्होंने ओझौल पंचायत में सड़क निर्माण का कार्य किया था. इसी काम के भुगतान के लिए मुखिया पति ने उनसे 5 लाख रुपए कमीशन के तौर पर मांगे थे.
रंगदारी न देने पर छीनी गाड़ी, डेढ़ लाख भी लूटे
संवेदक आनंद कुमार के अनुसार, जब उन्होंने मुखिया पति को कमीशन देने से इनकार कर दिया, तो 13 जून की दोपहर तरौनी गांव स्थित कब्रिस्तान के पास मुखिया पति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उन्हें बुलाया. वहां उन्होंने जबरन आनंद कुमार की चार पहिया गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया. यही नहीं, गाड़ी में रखे डेढ़ लाख रुपए भी छीन लिए गए.
पीड़ित आनंद कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार मुखिया पति से अपनी गाड़ी लौटाने की मिन्नतें कीं, लेकिन मुखिया पति ने साफ कह दिया कि,
जब तक पांच लाख रुपए नही दोगे तब तक गाड़ी वापस नहीं करूंगा।
इस धमकी के बाद आनंद कुमार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है.
पुलिस ने मुखिया पति के खिलाफ दर्ज की FIR, जांच जारी
आनंद कुमार की शिकायत के बाद बहादुरपुर थाना ने मामले को गंभीरता से लिया है. थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संवेदक के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच करेगी और दोषी पाए जाने पर मुखिया पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.








