Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ बम फटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पतोर थाना क्षेत्र में हुए इस भीषण धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। घायलों की पहचान पतोर थाना क्षेत्र के चन्दनपट्टी वार्ड छह महदौली पोखर निवासी लक्ष्मी पासवान के पुत्र राम बाबू पासवान (35) और यहीं के सियाराम पासवान के पुत्र कमलेश पासवान उर्फ भुल्ला (27) के रूप में की गई है। घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेजा गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके में घायल हुए युवकों की पहचान
जानकारी के अनुसार, दरभंगा जिले में पतोर थाना क्षेत्र के चन्दनपट्टी स्थित चंचल नगर में मंगलवार की सुबह चहारदीवारी की शटरिंग खोलने के दौरान पटरे के नीचे रखे बम के फटने से वहां काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बम ब्लास्ट होने के बाद दोनों ही मजदूर खून से लथपथ हो गए थे। इस घटना में लक्ष्मी पासवान के पुत्र राम बाबू पासवान और कमलेश पासवान के पुत्र श्रीकांत पासवान गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। विस्फोट के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।






घटनास्थल पर पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही पतोर थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया है ताकि कोई सबूत नष्ट न हो। आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ की जा रही है।एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। किस तरह के बम से धमाका हुआ, इसकी जानकारी ली जा रही है।
पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और बम वहाँ कैसे पहुंचा। शुरुआती जांच में अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस का आधिकारिक बयान प्रतीक्षित
इस घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच चल रही है और पूरी पड़ताल के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस टीम हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है और घायलों के बयान लेने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।








