
चंदन पांडेय, देशज टाइम्स ब्यूरो। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के छात्र संघ निर्वाचन का पहला चरण मंगलवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय क्षेत्राधिकार के चारों जिले मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर व बेगूसराय में चुनाव करीब करीब शांतिपूर्ण रहे। कुल 205839 मतदाताओं में से 26356 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का फीसद 12.8 रहा। इसमें छात्र फीसद
13.8 व छात्राओं का प्रतिशत 11.5 रहा। 16155 छात्रों व 10201 छात्राओं ने मतदान में भाग लिया। अंगीभूत व संबद्घता प्राप्त समस्तीपुर सहित सभी कॉलेजों में छात्र संघ के विभिन्न पदों के लिए मतदान के दौरान छात्रों में गजब उत्साह दिखा। दरभंगा में छात्र संघ के प्रथम चरण का मतदान सुबह दस बजे से शुरू हुआ।

इसमें 41 अंगीभूत कॉलेजों के साथ चार संकायों में मतदान हुए। आफिस बियरर व कॉउंसिल मेंबर के लगभग 1100 पदों के लिए दो लाख से अधिक मतदाताओं को वोट डालने थे लेकिन शुरूआत में वोटिंग की रफ्तार काफी सुस्त रही। वहीं, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की चौबंद व्यवस्था दिखी।

पूरा कैंपस पुलिस बल से भरा था। कैंपस के बाहर भी पुलिस बल तैनात थी। इधर, विवि मुख्यालय में कंट्रोल रूम में डीएसडब्ल्यू डॉ. भोला चौरसिया, मुख्य चुनाव पदाधिकारी डॉ. चंद्रभानु प्रसाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी चुनाव की मॉनिटरिंग में लगे रहे। कुलसचिव कर्नल निशीथ कुमार राय संकायों के बूथों पर लगातार जायजा लेते दिखे। सभी इकाइयों पर विश्वविद्यालय की ओर से ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए थे। वहीं एमके कॉलेज पर छात्रों ने हंगामा किया।








You must be logged in to post a comment.