Kamtoul Accident: आंचल कुमारी दरभंगा।कमतौल में एक भीषण सड़क हादसे ने शनिवार शाम को इलाके में हड़कंप मचा दिया। हाई स्कूल चौक के दक्षिण आरा मशीन के पास तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने ठेला चालक मोहन ठाकुर को इतनी जोर से टक्कर मारी कि उनका सिर फट गया। करीब 35 वर्षीय मोहन ठाकुर गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े, जिनकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
यह दर्दनाक घटना शनिवार शाम लगभग 6:30 बजे की है। अहियारी निवासी मोहन ठाकुर अपने ठेले से जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोहन ठाकुर को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
तेज रफ्तार कार चालक फरार, नंबर नोट
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि कई अन्य लोग भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए भाग रही लाल रंग की कार का नंबर BR 01-JA 9304 नोट कर लिया है।
पुलिस जांच में जुटी
इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। स्थानीय पुलिस ने कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। इस तरह की लापरवाही से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने और फरार चालक को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की जा रही है, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।







