Darbhanga Law and Order: दरभंगा, 24 जुलाई : दरभंगा जिला प्रशासन ने छात्रों को विरोध प्रदर्शनों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने निजी कोचिंग संचालकों और छात्रावास प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि प्रदर्शनों में शामिल होने से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। प्रशासन ने छात्रों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है।







छात्रों के भविष्य पर खतरा: डीएम की सख्त चेतावनी
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित इस बैठक में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी निजी कोचिंग संस्थानों के संचालकों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि उनके संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने से बचें और अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि कुछ असामाजिक तत्व छात्रों को गुमराह कर गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में कोचिंग संचालकों और छात्रावास प्रबंधन की भूमिका एक अभिभावक जैसी है, जो विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन दे और उन्हें अफवाहों व भ्रामक प्रचार से बचने की सलाह दे।
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा, ‘कल के प्रदर्शन में 32 लोगों पर एफआईआर हुई है, जिनमें ज्यादातर छात्र थे। इससे उन विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन एवं अन्य संबंधित अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।’ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोचिंग संस्थान किसी भी राजनीतिक गतिविधि को मंच न दें।
जिलाधिकारी ने यह भी दोहराया कि जिला प्रशासन छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने छात्रों से कानून अपने हाथ में न लेने और किसी के बहकावे में न आने की सलाह दी। विद्यार्थियों का मुख्य उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना और अपना भविष्य बनाना होना चाहिए।

अफवाहों से बचें, कानून व्यवस्था बनाए रखें: एसएसपी की अपील
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने भी बैठक में उपस्थित सभी लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या उकसावे में आने से बचना चाहिए और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देनी चाहिए।
प्रशासन ने साफ किया कि यदि कोई व्यक्ति या असामाजिक तत्व विरोध-प्रदर्शन की आड़ में सार्वजनिक या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, शांति व्यवस्था भंग करने या दरभंगा में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सहायक समाहर्त्ता श्रीमती कल्पना रावत समेत अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों, छात्रावास अधीक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे विद्यार्थियों को सकारात्मक वातावरण दें, उन्हें शिक्षा और करियर निर्माण के लिए प्रेरित करें, और जिले में शांति, सौहार्द व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें।










You must be logged in to post a comment.