Katihar Crime: बिहार के कटिहार में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कटिहार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बरारी थाना क्षेत्र के बांसमीढ़ी गांव में चल रही एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में हथियार बनाने का पूरा सेटअप जब्त किया गया और एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
अवैध हथियार फैक्ट्री से क्या-क्या मिला?
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे मो. रजाउल अंसारी को मौके से दबोच लिया गया। डीएसपी सुनील शर्मा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।






डीएसपी सुनील शर्मा ने बताया, ‘छापेमारी में एक बड़ा दोनाली बंदूक, चार देसी कट्टे, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा, तीन बैरल, तीन अर्द्धनिर्मित देसी कट्टे, एक कट्टे का बॉडी, तीन ट्रिगर, दो खोखे, एक लोहे का फरसा, एक मोटर लेथ मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।’
पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आरोपी के घर में ही अवैध हथियारों का निर्माण कार्य चल रहा था। बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है, और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

अपराधियों तक हथियारों की पहुंच की जांच
इस बड़ी कार्रवाई को कटिहार पुलिस और एसटीएफ की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध फैक्ट्री में बने हथियार किन-किन अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। इस खुलासे से इलाके में सक्रिय अवैध हथियार तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी।









