Jharkhand Exam Protest: झारखंड में सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया है। राजधानी रांची में हजारों छात्र विधानसभा घेरने के लिए मार्च कर रहे हैं, जिसके चलते शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। यह प्रदर्शन पिछले कई दिनों से चल रहा है और रविवार को सरकार के साथ हुई छठी दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही।







छात्रों और सरकार के बीच रविवार को हुई वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल पाया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए, जिससे गतिरोध और बढ़ गया। अब छात्र आर-पार की लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं और उन्होंने विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। वे शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन उनका इरादा स्पष्ट है: सरकारी परीक्षाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रणाली। रांची में विधानसभा मार्च के दौरान छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाए गए कई स्तर के बैरिकेड पार कर लिए। कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग को भी पार करते हुए छात्र विधानसभा के बेहद करीब पहुंच गए। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल शुरू कर दिया। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने बैरिकेड पार कर आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पीछे करने के लिए पानी की बौछार की।
रांची विधानसभा के बाहर किलेबंदी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
हाथों में तिरंगा लिए छात्र छात्र विधानसभा से करीब 500 मीटर की दूरी तक पहुंच गए थे। प्रशासन की ओर से उन्हें वहीं रुकने और बैठने का इशारा किया जा रहा था। इसके बावजूद कुछ छात्र आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। छात्रों के मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा के आसपास कांटेदार बाड़ लगाई गई है और पूरे क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी गई है। शहर के कई स्कूल भी बंद रखे गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। कुछ छात्रों ने इन बैरिकेडिंग को हटाने की कोशिश भी की है, जिससे तनाव और बढ़ गया है।

छात्रों की सीधी मांग: भ्रष्टाचार मुक्त परीक्षा
इस झारखंड परीक्षा आंदोलन की मुख्य मांग सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार को खत्म करना है। छात्र चाहते हैं कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से पारदर्शी हो और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे। उनका कहना है कि सरकारी नौकरी के लिए होने वाली भर्ती परीक्षाओं में लगातार धांधली के आरोप लग रहे हैं, जिससे मेहनती और योग्य उम्मीदवारों का भविष्य दांव पर लग जाता है।

बाद में JSSC छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई छात्र घायल हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव और चप्पल फेंके गए।
हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा घेरने की तैयारी में हैं, जिससे रांची में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। छात्रों के इस आंदोलन से स्पष्ट है कि वे परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था से कम कुछ भी स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। आने वाले दिनों में देखना होगा कि सरकार इस बढ़ते दबाव को कैसे संभालती है और क्या छात्रों की मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई की जाती है।









You must be logged in to post a comment.