Bihar Rang Mahotsav: बिहार की सांस्कृतिक नगरी भागलपुर में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला 13वां भागलपुर रंग महोत्सव 2026 आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन की तारीखें तय कर ली गई हैं। भागलपुर रंग ग्राम जन सांस्कृतिक मंच द्वारा यह महोत्सव 24 से 26 दिसंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें देशभर के कलाकार अपनी लोक कला और रंगकर्म से समा बांधेंगे।
हाल ही में स्थानीय एसएमएस स्कूल, बुढ़ानाथ चौक पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इस महोत्सव की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। श्रीप्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 13वां बिहार रंग महोत्सव दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में होगा।
राष्ट्रीय स्तर पर दिखेगी कला और संस्कृति की धूम
आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष का महोत्सव राष्ट्रीय स्तर पर बहुभाषीय लघु नाटक, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और एक भव्य रंग जुलूस जैसे कार्यक्रमों का साक्षी बनेगा। इसका मुख्य उद्देश्य संस्कृति, लोक कला, रंग कर्म को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय एकता को समर्पित एक मंच प्रदान करना है। विगत वर्षों की तरह इस बार भी आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी अभी से शुरू हो गई है।
देशभर के कलाकार देंगे एकता का संदेश
इस महोत्सव को वास्तविक अर्थों में राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनाने के लिए भारत के विभिन्न प्रदेशों के सांस्कृतिक संस्थाओं से संपर्क साधा जाएगा। मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा और सुनील रंग ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि 24 से 26 दिसंबर तक होने वाले इस महोत्सव में देशभर के कलाकार अपनी लोक कला, रंगकर्म और सांस्कृतिक विविधता के जरिए राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देंगे।
बैठक में कपिल देव रंग, पंकज कुमार सिंह, अंकित कुमार सिंह, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, मोहम्मद तकी अहमद, जावेद, विनोद कुमार रंजन, तरुण किरण, देवाशीष बनर्जी, डॉक्टर सुमन सोनी, उमा घोष, राजीव राज सिंह, तापस घोष और सुनील कुमार रंग सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। यह महोत्सव बिहार की सांस्कृतिक विरासत को एक राष्ट्रीय पहचान दिलाने और देश को एकता के सूत्र में पिरोने का एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।







