Bihar Shravani Mahotsav: आंचल कुमारी दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के कमतौल स्थित रतनपुर के गंगेश्वर स्थान में दो दिवसीय राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हो गया। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस उत्सव का पहला दिन 108 कन्याओं की मनमोहक कलश शोभायात्रा से भक्तिमय हो उठा। सुबह सात बजे जैसे ही माँ रत्नेश्वरी दुर्गा मंदिर से यह शोभायात्रा शुरू हुई, पूरा वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो गया।
लाल-पीली चुनरियों में सजी, पवित्र जल से भरे कलश को सिर पर धारण किए 108 कन्याएं जब कतारबद्ध होकर गंगेश्वर स्थान की ओर बढ़ीं, तो यह दृश्य किसी देवलोक से कम नहीं लग रहा था। रास्ते भर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर इस अलौकिक शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। गंगेश्वर मंदिर परिसर पहुँचने पर सभी कन्याओं ने विधि-विधान से बाबा गंगेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। मंदिर समिति और जिला प्रशासन की ओर से हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसे ग्रहण कर सभी भक्त धन्य महसूस कर रहे थे। इस कलश यात्रा के साथ ही भक्ति, लोकगीत और मिथिला संस्कृति के इस महासंगम का आध्यात्मिक आगाज हो गया।
गंगेश्वर धाम में महारुद्राभिषेक से गूंजा शिवालय
राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के पहले दिन बाबा गंगेश्वरनाथ धाम में भव्य महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। कलश शोभायात्रा के मंदिर परिसर पहुँचते ही, विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का रुद्राभिषेक प्रारंभ किया। दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल, बेलपत्र और फूलों से बाबा का अभिषेक करते ही, पूरा मंदिर परिसर ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा।
श्रावण मास में गंगेश्वर धाम की विशेष महत्ता
इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु हाथ जोड़े खड़े थे। ऐसी मान्यता है कि श्रावण मास में गंगेश्वर धाम में किया गया रुद्राभिषेक सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करता है। अभिषेक के पश्चात महाआरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच तीर्थ प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर न्यास समिति के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। यह दो दिवसीय बिहार श्रावणी महोत्सव धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है।








You must be logged in to post a comment.