Katihar Drug Seizure: नशा विरोधी अभियान के तहत कटिहार में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले में 5 करोड़ रुपये से अधिक की अंतरराष्ट्रीय कीमत वाली 6 किलो 700 ग्राम स्मैक जब्त की गई है। इस बड़ी खेप के साथ पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र निवासी एक कथित तस्कर बशीर आलम को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल सीमा के पास किरौड़ा रेलवे गुमटी के समीप वाहन जांच के दौरान हुई, जिससे जिले में हड़कंप मच गया है।
करोड़ों की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में कटिहार जिले में लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर थाना क्षेत्र के किरौड़ा रेलवे गुमटी के पास सघन जांच की जा रही थी। यह क्षेत्र पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से सटा हुआ है, जो मादक पदार्थों की तस्करी का एक संवेदनशील मार्ग माना जाता है।

वाहन जांच के दौरान एक बाइक पर लटके झोले पर उत्पाद पुलिस को शक हुआ। बाइक को रोककर जब झोले की तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही बाइक सवार बशीर आलम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पूर्णिया के बायसी थाना क्षेत्र के महुआ वार्ड नंबर 13 निवासी के रूप में हुई।
5 करोड़ से अधिक आंकी गई अंतरराष्ट्रीय कीमत
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बरामद 6.700 किलोग्राम स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से भी अधिक है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की यह बरामदगी जिले में चल रहे नशा विरोधी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
उत्पाद विभाग ने आगे की कानूनी कार्रवाई और बेहतर अनुसंधान के लिए जब्त किए गए मादक पदार्थ और गिरफ्तार आरोपी को बलरामपुर थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल तस्करी के पूरे नेटवर्क और इस खेप के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा। खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि मादक पदार्थों की तस्करी को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। वाहन जांच और छापेमारी के माध्यम से यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।







