Darbhanga Liquor Seize: प्रभास रंजन दरभंगा।दरभंगा में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लहेरियासराय थाना पुलिस ने बाकरगंज अभंडा इलाके में शुक्रवार देर शाम छापेमारी कर 36 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान रमेश सहनी नामक एक अवैध शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके घर के पूजा घर से यह बड़ी खेप बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने बताया कि उन्हें शुक्रवार की देर शाम सूचना मिली थी कि बाकरगंज अभंडा में एक घर में बड़े पैमाने पर विदेशी शराब का धंधा चल रहा है। सूचना मिलते ही, पुलिस गश्ती में तैनात दरोगा रजनीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार, सिपाही धनंजय कुमार के साथ पुरुष और महिला सिपाही भी शामिल थे।
पूजा घर से निकली 36 लीटर से अधिक शराब
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाकरगंज अभंडा स्थित अर्जुन सहनी के पुत्र रमेश सहनी के घर पर छापा मारा। घर की तलाशी के दौरान पुलिस उस वक्त हैरान रह गई, जब पूजा घर के भीतर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से 36 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त कर रमेश सहनी को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी रमेश सहनी ने शराब कारोबार में आने के बाद ही दो मंजिला पक्का मकान बनवाया था।
अन्य कारोबारियों की भी दी जानकारी
थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने बताया, ‘गिरफ्तार शराब कारोबारी रमेश सहनी से पूछताछ की गई है। उसने इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य शराब कारोबारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस जल्द ही उन सभी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करेगी।’
पूछताछ पूरी होने के बाद शनिवार को रमेश सहनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों में संतोष है। पुलिस का कहना है कि शराबबंदी को सफल बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

















