Darbhanga News: सिंहवाड़ा के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भराठी पंचायत के गौड़ा गांव में सोमवार सुबह हड़कंप मच गया। यहां मोती खां की गाछी में 30 वर्षीय राजा पासवान का शव आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। मृतक धनेश्वर पासवान के पुत्र थे और वार्ड संख्या तीन के निवासी थे। इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
परिजनों ने बताया कि राजा पासवान रविवार दोपहर करीब दो बजे काम के सिलसिले में घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह लगभग 9:30 बजे गांव की एक वृद्ध महिला जब जलावन लेने गाछी गई, तो उसकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। महिला के शोर मचाने के बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब), डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम ने भी घटनास्थल की गहन जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस का प्रारंभिक आकलन और परिजनों के आरोप
सदर एसडीपीओ-2 ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निश्चित निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका की भी गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि राजा कुछ समय से परेशान चल रहा था और उसने ईएमआई पर वाहन लिया था, जिसकी किस्त चुकाने में उसे परेशानी हो रही थी। हालांकि, इसे आत्महत्या का निश्चित कारण नहीं माना जा सकता।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है, ‘मेरे बेटे की हत्या की गई है और फिर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करे।’
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
राजा पासवान मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी रंजना देवी, तीन बेटियां और मां सोसी देवी हैं। बड़ी बेटी संध्या पांच वर्ष की है, सोनाक्षी करीब ढाई वर्ष की और सबसे छोटी दुर्गा मात्र नौ माह की है। पति का शव देखकर रंजना देवी बार-बार बेहोश होकर चीत्कार मारकर रो रही थीं। मासूम बेटियां भी अपने पिता को याद कर बिलख रही थीं। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने की पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
घटनास्थल पर मुखिया प्रतिनिधि रामबाबू साह, सरपंच प्रतिनिधि सरफराज, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम, सिमरी मुखिया दिनेश पासवान और पूर्व मुखिया भोला पासवान सहित अन्य ग्रामीण पहुंचे और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने बताया कि यह गाछी काफी अंदर है, जहां स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से भी लोग आकर जुआ खेलते हैं। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।







