Bihar Liquor Loot: बिहार के दरभंगा जिले में शराब से लदा एक ट्रक पलटने के बाद हड़कंप मच गया। बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर परवाहा बांध के पास हरियाणा नंबर का यह ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे के तुरंत बाद चालक और शराब माफिया मौके से फरार हो गए, जिससे स्थानीय लोगों को शराब लूटने का मौका मिल गया।
सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों को ट्रक में शराब होने की भनक लगी, घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते लोगों के बीच ट्रक से शराब की बोतलें निकालने की होड़ मच गई। कई लोग बेधड़क बोतलें उठाकर भागते हुए नजर आए। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह बांध की तरफ गए लोगों ने सबसे पहले पलटे हुए ट्रक को देखा था। इसके बाद खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए थे।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस सुबह लगभग 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची और वहां मौजूद भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें बची हुई शराब को अपने कब्जे में ले लिया है।
शराब लूटने वालों की पहचान, पुलिस की अपील
बहेड़ी के थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो और फोटो की मदद से शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि वे लूटी हुई शराब की बोतलें वापस लौटा दें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी गहन जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फिलहाल, पुलिस ट्रक चालक और शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।








You must be logged in to post a comment.