Bihar Crime: बिहार के सिवान में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। शुक्रवार शाम दारौंदा थाना क्षेत्र के डिब्बी-जलालपुर मार्ग पर आभूषण कारोबारी से 20 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट ली गई। इस दौरान बदमाशों ने न सिर्फ व्यवसायी को पिस्टल के बट से मारकर घायल किया, बल्कि दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शिवजी प्रसाद के पुत्र रत्नेश कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। डिब्बी-जलालपुर मार्ग पर पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने रत्नेश कुमार से 20 लाख रुपये के गहने और नकदी छीन ली। जब व्यवसायी ने विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने उन्हें पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया।
बदमाशों ने की हवाई फायरिंग, दहशत में लोग
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने मौके से फरार होने से पहले कई राउंड हवाई फायरिंग की। इस फायरिंग से आसपास के लोग दहशत में आ गए और कोई भी उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश डिब्बी बाजार की ओर फरार हो गए। घायल व्यवसायी रत्नेश कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
इस बड़ी लूट की घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलने के घंटों बाद भी पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची थी, जिससे लोगों में आक्रोश है। अपराधियों के इस दुस्साहस ने बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गई है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।







