Bhagalpur Missing Person: अहमदाबाद से घर लौट रहे एक युवक के रहस्यमय तरीके से गायब होने से भागलपुर जिले में हड़कंप मच गया है। अपने बेटे की राह तकते-तकते मां-बाप की आंखें पथरा गई हैं। इस मामले में फैक्टरी के एक मुंशी पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिवार न्याय के लिए अब पुलिस के दर पर है।
जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो पानीटंकी गांव की है। इसी गांव के निवासी पवन मंडल के बड़े बेटे सन्नी कुमार मंडल 1 सितंबर को गुजरात के अहमदाबाद में मजदूरी करने गए थे। वहां वह एक फैक्टरी में काम करते थे। पिता की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही सन्नी ने घर लौटने का फैसला किया। वह 9 सितंबर को ट्रेन संख्या 19423 अमृत भारत एक्सप्रेस से भागलपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही वे लापता हो गए।
सन्नी के पिता पवन मंडल के मुताबिक, उनका बेटा फैक्टरी के मुंशी और बेगूसराय निवासी सिकंदर कुमार के साथ घर आ रहा था। दानापुर स्टेशन पहुंचने के दौरान सन्नी की अपने परिवार से बातचीत भी हुई थी। उसने बताया था कि वह मुंशी के साथ है और उसका बकाया पैसा भी मुंशी के पास है। सन्नी ने जल्द ही घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन अगले दिन जब वह घर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल फोन बंद मिलने लगा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
अहमदाबाद से भागलपुर तक परिजनों ने तलाशा
सन्नी के लापता होने के बाद परिवार ने अहमदाबाद, दानापुर, पटना और भागलपुर स्टेशन पर उसकी तलाश की। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने रेल पुलिस से भी मदद मांगी, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। आखिरकार, भागलपुर के एसएसपी से गुहार लगाने के बाद अकबरनगर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई।
मां-बाप की आंखें बेटे के इंतजार में नम
इधर, सन्नी की मां सविता देवी और पिता पवन मंडल बेटे की राह देख रहे हैं। घर में हर आहट पर उन्हें लगता है कि शायद उनका बेटा लौट आया। सुबह हो या शाम, जैसे ही कोई ट्रेन स्टेशन पर पहुंचती है, मां-बाप की नजरें अपने लाल को तलाशने लगती हैं। लेकिन हर बार उम्मीद टूटती है और परिवार को निराश होकर लौटना पड़ता है। बेटे के इंतजार में मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पड़ोसी भी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
मुंशी पर लगे गंभीर आरोप, जांच जारी
सन्नी के परिवार ने उसके साथ यात्रा कर रहे फैक्टरी के मुंशी सिकंदर कुमार पर उसे गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जल्द सन्नी का पता लगाकर उसे सुरक्षित घर वापस लाएगी और इस रहस्यमय गुमशुदगी के पीछे की सच्चाई उजागर करेगी।







