Bihar Crime: बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुंगेर जिले में लूटपाट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है, जहां उसकी जान बचाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
यह वारदात रविवार देर रात अमरपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुई। विमल कुशवाहा (24) और दीपक कुमार (26) नाम के दो युवक मुंगेर से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर बाइक से वापस लौट रहे थे। मुंगेर से मिर्जाचौकी जाने वाले स्टेट हाईवे पर घात लगाए बैठे छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
लूटपाट के बाद मारी गोली, हालत नाजुक
बदमाशों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और फिर विमल कुशवाहा से 6 हजार रुपये नकद और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए। लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने विमल के कंधे में गोली मार दी। गोली लगने के बाद विमल वहीं सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल विमल को पहले सुल्तानगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, विमल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना के पीएमसीएच भेज दिया। परिजनों के अनुसार, गोली अभी भी उसके शरीर में फंसी हुई है, जिससे उसकी जान को खतरा बना हुआ है।
जिला परिषद के भावी प्रत्याशी धीरू यादव ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश कर रही है।







