Bihar Raghopur: वैशाली जिले के राघोपुर में 13 बच्चों की मौत के बाद आयोजित दशकर्म कार्यक्रम में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश सचिव अजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में चोट आई है. तनावपूर्ण माहौल के कारण जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को मौके से जल्द लौटना पड़ा, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का प्रस्तावित दौरा भी रद्द कर दिया गया. बताया जा रहा प्रशांत किशोर के सामने मारपीट हुई।
दरअसल, बीते 13 अक्टूबर को गंगा की सोती में एक नाव पलटने से 13 बच्चों की दुखद मौत हो गई थी. इसी हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के लिए रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में दशकर्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. संवेदना व्यक्त करने और पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए राजनीतिक नेताओं का वहां पहुंचना जारी था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोक जताने पहुंचे लोगों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया. स्थानीय लोगों और जदयू नेता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों पक्षों से लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे जदयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव पर हमला किया गया. उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया. इस घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है.
प्रशांत किशोर लौटे, तेजस्वी का दौरा रद्द
घटना के समय जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे थे. मारपीट और बिगड़ते हालात को देखते हुए वह करीब 10 मिनट में ही गांव से अपने काफिले के साथ रवाना हो गए. उनके कार्यक्रम को लेकर भी अब चर्चा तेज हो गई है.
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी भगतान टोला पहुंचने का कार्यक्रम था. उनका दौरा प्रशांत किशोर के जाने के करीब एक घंटे बाद प्रस्तावित था, लेकिन गांव में हुई झड़प और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया. इस वजह से वे हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों से नहीं मिल सके.
गांव में भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति पर नजर
हिंसक झड़प की जानकारी मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. संवेदनशील इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.
पुलिस प्रशासन गांव में शांति बनाए रखने और आगे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है. इस हिंसक झड़प ने पहले से ही शोक में डूबे गांव में और अधिक तनाव पैदा कर दिया है.








You must be logged in to post a comment.