Darbhanga Liquor News: दरभंगा में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बहेड़ा थाना पुलिस ने दरभंगा-बिरौल मुख्य मार्ग पर धेरूख रेलवे गुमटी के पास गश्ती के दौरान एक शराब तस्कर को खदेड़ा। पुलिस गश्ती गाड़ी को देखते ही तस्कर अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने फरार तस्कर की बाइक की जांच की। इस दौरान कपड़े में लिपटी हुई भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 300 एमएल की पांच बोतल नेपाली मामाश्री देसी शराब और 180 एमएल की चार बोतल विदेशी शराब शामिल है। पुलिस ने जब्त शराब और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
शराब तस्कर की पहचान, पहले भी था संलिप्त
प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब्त बाइक नंबर के आधार पर फरार शराब तस्कर की पहचान की गई है। आरोपी की पहचान घोंघिया निवासी सोमन यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमन यादव पहले से भी शराब के अवैध कारोबार में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
बहेड़ा थाना पुलिस अब सोमन यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







